एनडीए की लगातार तीसरी बार सरकार बननी तय : मोदी

देहरादून । NDA के तीसरी बार सरकार बनने के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को भाजपा मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने स्पीच की शुरुआत भारत माता की जय और जय जगन्नाथ से की।उन्होंने कहा- इस आशीर्वाद के लिए मैं समस्त देश वासियों का ऋणी हूं। आज बड़ा मंगल है। इस पावन दिन एनडीए की लगातार तीसरी बार सरकार बननी तय है।

उन्होंने कहा- देशवासियों ने भाजपा पर एनडीए पर पूर्ण विश्वास जताया है। आज की ये विजय दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की जीत है। ये भारत के संविधान पर अटूट निष्ठा की जीत है। ये विकसित भारत के प्रण की जीत है। ये सबका साथ, सबका विकास मंत्र की जीत है।

उन्होंने कहा कि इस चुनाव के इस जनादेश के कई पहलू हैं। 1962 के बाद पहली बार कोई सरकार अपने दो कार्यकाल पूरे करने के बाद तीसरी बार वापस आई है। राज्यों में जहां भी विधानसभा के चुनाव हुए वहां पर एनडीए को भव्य विजय मिली। अरुणाचल प्रदेश आंध्र प्रदेश सिक्किम या ओडिशा हो। इन राज्यों में कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है। शायद उन्हें जमानत बचाना भी मुश्किल हो गया होगा। भाजपा ओडिशा में सरकार बनाने जा रही है। लोकसभा चुनाव में भी ओडिशा ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है।

ओडिशा-आंध्र में जीत पर यह कहा 

यह पहली बार होगा, जब जगन्नाथ की धरती पर बीजेपी का सीएम होगा। बीजेपी ने केरल में भी सीट जीती है। केरल के कार्यकर्ताओं ने बहुत बलिदान भी दिए। पीढ़ियों से जिस छण का इंतजार किया, वो आज सफलता को चूमने लगी। आंध्र में चंद्रबाबू के नेतृत्व और बिहार में नीतीश बाबू के नेतृत्व में शानदार प्रदर्शन किया है।

भाजपा दफ्तर पहुंचने से पहले पीएम ने X पर पोस्ट किया।

उन्होंने लिखा- जनता ने लगातार तीसरी बार NDA पर भरोसा जताया है। यह भारत के इतिहास में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *